
- कहा- बीजेपी खो चुकी है जनता का विश्वास
मधुबनी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मंगलवार को अपने भाई और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ वोटर अधिकार यात्रा में शामिल हुईं और आरोप लगाया कि जनता का विश्वास खो चुकी भारतीय जनता पार्टी देश भर में वोट चोरी की साजिशें रच रही है। उन्होंने यह भी कहा कि गरीब जनता का एक भी वोट चोरी नहीं होने दिया जाएगा। केरल के वायनाड से लोकसभा सदस्य प्रियंका गांधी सुपौल से वोटर अधिकार यात्रा में शामिल हुईं। प्रियंका गांधी अपने भाई राहुल गांधी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव और विपक्षी इंडिया (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन के कुछ अन्य नेताओं के साथ एक खुली एसयूवी में सवार थीं। कई स्थानों पर लोग यात्रा का स्वागत करने के लिए कतारबद्ध खड़े थे।
राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं ने हाथ हिलाकर उत्साही भीड़ का अभिवादन किया।प्रियंका गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया,जनता का विश्वास खो चुकी भाजपा देश भर में वोट चोरी की साजिशें रच रही है। बिहार में महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, आर्थिक संकट समेत हर मोर्चे पर नाकाम भाजपा-जद (यू) सरकार जनता का वोट चुरा कर सत्ता में बने रहना चाहती है। लाखों गरीब और वंचित नागरिकों से वोट का अधिकार छीना जा रहा है। उन्होंने कहा, संविधान ने हर एक भारतीय को वोट का अधिकार दिया है। यह अधिकार कोई भी ताकत छीन नहीं सकती। गरीब जनता का एक भी वोट चोरी नहीं होने देंगे। जय संविधान। वोटर अधिकार यात्रा एक दिन के विराम के बाद मंगलवार को यात्रा फिर से शुरू हुई। यात्रा का आज 10वां दिन है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दावा किया है कि लोगों पर निजी हमले करना राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की शैली है और उसने महात्मा गांधी के खिलाफ भी झूठ बोला था और उन्हें बदनाम किया था। राहुल गांधी ने अपनी वोटर अधिकार यात्रा के अररिया पहुंचने पर महागठबंधन के नेताओं के साथ चाय-पकौड़े पर चर्चा के दौरान यह दावा किया। बीते रविवार को यह यात्रा अररिया में थी। कांग्रेस नेता ने इस बातचीत का वीडियो मंगलवार को अपने एक्स हैंडल पर साझा किया। उन्होंने कहा,यात्रा, वोट चोरी और गांधी जी - गठबंधन के साथियों के साथ गरमा-गरम चाय-पकौड़ों पर उतनी ही दिलचस्प राजनीतिक चर्चा हुई।
इस चर्चा में राहुल गांधी के साथ राजद नेता तेजस्वी यादव, विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश कुमार राम और कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद तथा महात्मा गांधी के पौत्र तुषार गांधी शामिल थे। तुषार गांधी ने कहा,पहले तीखी बहसें होती थी, लेकिन व्यक्तिगत रूप से अपशब्द नहीं कहे जाते थे, अब लगता है कि इसे जायज ही ठहरा दिया गया है।
इस पर राहुल गांधी ने दावा किया,आरएसएस का तरीका है कि लोगों को निजी तौर पर निशाना बनाया जाए। वो गांधी जी के साथ यही किया करते थे। लोगों को पता नहीं है, याद नहीं है। आरएसएस ने गांधी जी के बारे में कितनी गालियां दीं, कितना बदनाम किया, कितना उनके बारे में झूठ बोला। यह उनकी शैली है।